आस्थाः अक्षय तृतीया पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ! गंगोत्री धाम और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुले, जयकारों से गूंजे धाम
देहरादून। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर आज से विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच गंगोत्री धाम और यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और इस दिव्य क्षण के साक्षी बने। गंगोत्री धाम में कपाट खुलने के दौरान हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में उपस्थित रहे। इस दौरान हर-हर गंगे और मां गंगा की जय के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। निर्धारित मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट विधिवत खोले गए। इस खास अवसर पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई, जिससे माहौल और अधिक आध्यात्मिक व उत्साहपूर्ण हो गया। इससे पूर्व रविवार तड़के मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। भैरव घाटी में मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना के बाद डोली यात्रा धाम की ओर प्रस्थान कर गई। पारंपरिक रीति.रिवाजों के साथ संपन्न इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विधि-विधान के अनुसार गंगा पूजन, गंगा सहस्रनाम पाठ और विशेष पूजा-अर्चना के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कपाट खोले गए। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन हजारों श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंचे और मां गंगा के दर्शन कर पूजा-अर्चना का पुण्य लाभ अर्जित किया। इसी के साथ चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी आमद शुरू हो गई है। प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।