बिहार में 'नीतीश युग' का अंत, आज नए मुख्यमंत्री का होगा एलान,रेस में सम्राट चौधरी सबसे आगे

End of the 'Nitish Era' in Bihar: New Chief Minister to be Announced Today; Samrat Chaudhary Leads the Race.

पटना। बिहार की सियासत में आज एक ऐतिहासिक अध्याय पलटने जा रहा है। पिछले दो दशकों से सूबे की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। राज्य को कल यानी 15 अप्रैल को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। इस नए सियासी घटनाक्रम में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 'बड़े भाई' की भूमिका में होगी और कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक करेंगे, जिसमें कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई जाएगी। इसके तुरंत बाद जदयू विधायक दल की बैठक होगी। दोपहर तक नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही बिहार में एनडीए के नए नेतृत्व की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

दिल्ली से भाजपा के आलाकमान द्वारा तय किए गए नाम का औपचारिक एलान आज शाम एनडीए विधायक दल की बैठक में होगा। इस बैठक की देखरेख केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान करेंगे। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है, यही कारण है कि सोमवार शाम से ही उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई हाईलेवल मीटिंग में नए मंत्रिमंडल के स्वरूप पर चर्चा हुई। खबर है कि जदयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं, जिनमें निशांत कुमार का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। ललन सिंह और संजय झा ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मंत्रियों की लिस्ट साझा की है। माना जा रहा है कि भाजपा, जदयू, लोजपा (राम), हम और रालोमो कोटे के पुराने मंत्रियों को ही नए मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी। बिहार के नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह कल, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे 'लोक भवन' में आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्रियों समेत कुल 21 मंत्री शपथ ले सकते हैं।