झारखंड में 8 नक्सलियों का एनकाउंटर! एक करोड़ का इनामी माओवादी भी ढेर 

Encounter of 8 Naxalites in Jharkhand! Maoist carrying a bounty of Rs. 1 crore also killed

झारखंड के बोकारो जिले में नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। झारखंड पुलिस के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 8 के करीब शव बरामद किए जा चुके हैं. मारे गए नक्सलियों में से कई के इनामी होने की भी सूचना है। मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी नक्सली विवेक के दस्ते के साथ हुई है। मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए। 

झारखंड पुलिस और सुरक्षाबलों का नक्सलियों से हुए इस भीषण मुठभेड़ में आधा दर्जन से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार नक्सलियों के एक बड़े दल के इलाके में भ्रमणशील होने की सूचना पर अभियान के लिए निकले सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने फायरिंग की।  जिसके बाद जवाबी हमले में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ फायरिंग की। मुठभेड़ में नक्सलियों को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। इसमें 8 नक्सली मारे गए। इसमें तीन इनामी माओवादियों की पहचान हुई है। पुलिस मुख्यालय से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर विवेक और अरविंद यादव भी मारे गए हैं। विवेक पर एक करोड़ रुपये का इनाम था,जबकि अरविंद यादव पर 25 लाख रुपये का इनाम था।  बाकी माओवादियों की पहचान की जा रही है।