बड़ी खबरः लखनऊ गैंगरेप कांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार! पैर में गोली लगते ही गिड़गिड़ाने लगा बदमाश, साथी की तलाश जारी
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में मॉल में काम करने वाली 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर रात निगोहां थाना क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस के सामने रहम की भीख मांगने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस के अनुसार निगोहां थाना क्षेत्र के रामादेई खेड़ा मार्ग पर पुलिस और सर्विलांस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना ऑटो से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने बच निकलने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ऑटो पलट गया। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मॉल से लौट रही युवती को बनाया था हवस का शिकार
मामला बीती 31 मई की शाम का है। पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय युवती मॉल में ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रही थी। वह तेलीबाग चौराहे से आरोपी उपदेश के ऑटो में बैठी थी। रास्ते में अन्य सवारियों के उतर जाने के बाद आरोपी और उसके साथी ने युवती को बहला-फुसलाकर सुनसान क्षेत्र गौतमखेड़ा के जंगलों की ओर ले गए। वहां दोनों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान सामने से आ रही एक कार की हेडलाइट देखकर आरोपी घबरा गए और युवती को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने कार सवार से मदद मांगी और सुरक्षित स्थान पर पहुंची। इसके बाद 1 जून को पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना निगोहां क्षेत्र के रंजीत खेड़ा का निवासी है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ रायबरेली जिले में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो, एक अवैध देसी तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी को पुलिस ने जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे उपचार के लिए पीजीआई ट्रामा सेंटर भेजा गया है। वहीं सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।