Oct 17, 2026 Login
Awaaz24x7-government

जयपुर में 'कॉकरोच' का हल्लाबोल: पुलिस की कड़ी शर्तों के बीच शहीद स्मारक पर जुटेंगे युवा

'Cockroach' campaign in Jaipur: Youth to gather at Shaheed Smarak amidst strict police conditions.

जयपुर। देश की चरमराती शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ देशभर में मोर्चा खोल चुकी 'कॉकरोच जनता पार्टी' आज गुलाबी नगरी जयपुर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। सोमवार दोपहर 3:00 बजे जयपुर के शहीद स्मारक पर इस विरोध प्रदर्शन का समय तय किया गया है, जिसमें शामिल होने के लिए पार्टी ने युवाओं और आम जनता से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है। हालिया दिनों में सरकार की कार्यशैली पर लगातार तीखे सवाल उठाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के इस आंदोलन को लेकर राजधानी में सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

शुरुआत में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जयपुर पुलिस ने इस प्रदर्शन को हरी झंडी देने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद रविवार को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी साउथ और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ताओं के बीच करीब दो घंटे तक मैराथन बैठक चली। काफी विचार-विमर्श के बाद पुलिस प्रशासन ने कुछ बेहद सख्त और अनिवार्य शर्तों के साथ आखिरकार आज के प्रदर्शन को मंजूरी दे दी है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्रदर्शन के दौरान शहर की कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए बकायदा कुछ नियम तय किए गए हैं। शहीद स्मारक पर केवल 800 प्रदर्शनकारियों को ही जुटने की अनुमति दी गई है। प्रदर्शन के दौरान कोई बड़ी रैली या मार्च निकालने की इजाजत नहीं होगी। साथ ही ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि प्रदर्शन की वजह से जयपुर की लाइफलाइन माने जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि यह लड़ाई देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की है। नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने होनहार छात्रों का भरोसा तोड़ा है, वहीं बेरोजगारी युवाओं को अंधकार में धकेल रही है। हालांकि, पुलिस की पाबंदियों के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि कॉकरोच जनता पार्टी इन शर्तों के दायरे में रहकर अपने इस 'हल्लाबोल' आंदोलन को कितना प्रभावी बना पाती है। फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर शहीद स्मारक और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।