देहरादून में आग का तांडव: टेंट-शामियाने के सामान में भीषण आग,रिहायशी मकानों तक पहुंचीं लपटें, घंटों की मशक्कत के बाद काबू
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सुभाष नगर इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्लाट में रखे टेंट और शामियाने के सामान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर आसपास के रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, फायर कंट्रोल रूम को क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर स्थित नरेंद्र टेंट हाउस के प्लाट में आग लगने की सूचना मिली थी। टेंट हाउस के मालिक नरेंद्र कुमार पुत्र शिव प्रसाद बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग तेजी से फैल चुकी थी और उसकी लपटें नजदीकी घरों को भी अपनी चपेट में ले रही थीं। आग में टेंट, शामियाने, फोल्डिंग टेबल, बर्तन, भट्टियां, मेट, रजाई और गद्दे सहित बड़ी मात्रा में रखा सामान जलकर खाक हो गया। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग पर काबू पाना फायर कर्मियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। आग को फैलने से रोकने और पूरी तरह शांत करने के लिए दमकल विभाग को करीब 30 हजार लीटर पानी का उपयोग करना पड़ा। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच, देहरादून के बड़ोवाला क्षेत्र में गोरखपुर चौक के पास स्थित रजाई-गद्दे की एक दुकान में भी आग लगने की घटना सामने आई। सूचना पर पहुंची फायर यूनिट ने तत्काल दुकान का शटर तोड़कर आग बुझाई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल दोनों ही घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित ढंग से रखने की अपील की है।