पति से मिलने आई महिला से सामूहिक दुष्कर्म, होटल मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की सख्ती से हड़कंप
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पीड़िता अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद की निवासी है। उसका पति हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत है। महिला शनिवार देर शाम हरिद्वार पहुंची थी। आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी पर ले जाकर उसे एक कार में बैठाया गया। कार चालक महिला को शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पीछे-पीछे पहुंच गया। महिला का आरोप है कि होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर सीधे शहर कोतवाली हरिद्वार पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने नहर पटरी क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक नहटौर बिजनौर का निवासी है, जिसका वर्तमान पता ज्वालापुर स्थित श्रीराम एन्क्लेव बताया गया है। दूसरा आरोपी शास्त्रीनगर कड़च्छ, ज्वालापुर का निवासी है, जबकि तीसरा आरोपी होटल मैनेजर है, जो मूल रूप से मुरादाबाद के कुंदरकी का रहने वाला है और वर्तमान में हरिद्वार में रह रहा था। इनमें एक कार चालक और एक ऑटो चालक बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर कोतवाली क्षेत्र के सात होटल संचालकों को करीब 23 घंटे तक हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिस गेस्ट हाउस में घटना हुई, उसके आसपास के होटलों के रजिस्टर, आईडी विवरण और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की गई। कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में होटल मैनेजर की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। धर्मनगरी में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी।