महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस: भाजपा सरकार ने तोड़ी आम आदमी की कमर,गैस और तेल के दाम घटाने की मांग
नैनीताल। देश में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ अब विपक्ष ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को सरोवर नगरी नैनीताल में कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष के आह्वान पर केंद्र सरकार के खिलाफ एक उग्र विरोध प्रदर्शन किया गया। बढ़ते दामों से आक्रोशित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मल्लीताल चौराहे पर एकत्र होकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय लगातार महंगाई का बोझ थोप रही है। पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय बाजार के बहाने पेट्रोल और डीजल के दामों में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि की जा रही थी, जिससे परिवहन महंगा हुआ और अब रही-सही कसर रसोई गैस के दाम बढ़ाकर पूरी कर दी गई है। नेताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों में की गई इस हालिया बढ़ोतरी ने सीधे तौर पर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घर का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई के इस दौर में रसोई गैस के ऊंचे दामों ने आम आदमी की पूरी तरह से कमर तोड़कर रख दी है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियां अपना रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने मांग की कि पेट्रोलियम पदार्थों और गैस के दामों में की गई इस बेतहाशा बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए, ताकि बढ़ती महंगाई से त्रस्त हो रही आम जनता को कुछ राहत मिल सके। कार्यकर्ताओं ने साफ किया कि जब तक सरकार कीमतों को कम नहीं करती, तब तक उनका यह पुरजोर विरोध प्रदर्शन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। पुतला दहन के दौरान मौके पर भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा।