बधाई हो बधाईः जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे ‘आप’ मंत्री! यूपी की डॉक्टर बिटिया बनेगी पंजाब के खेलमंत्री की दुल्हन, जश्न की तैयारियां शुरू

नई दिल्ली। पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर जल्द ही शादी के बंधन में बंध जायेंगे। उनकी शादी के यूपी के मेरठ की रहने वाली डॉक्टर गुरवीन कौर के साथ तय हुई है। डॉक्टर गुरवीन कौर मेरठ के गोडविन ग्रुप के निदेशक भूपेंद्र सिंह बाजवा की बड़ी बेटी हैं और फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में रेडियोलॉजिस्ट हैं। डॉक्टर गुरवीन का एक माह पहले ही गुरमीत सिंह संग रिश्ता तय हुआ है।
गुरमीत सिंह मीत हेयर भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं। खबरों के मुताबिक रविवार 29 अक्टूबर को मेरठ के गोडविन होटल में ही सगाई समारोह होगा और 7 नवंबर को पंजाब के मोहाली में शादी समारोह का आयोजन किया जाएगा और अगले दिन यानी 8 नवंबर को चंडीगढ़ में रिसेप्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
गुरमीत सिंह मीत हेयर पंजाब के बरनाला से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं और फिलहाल वह भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। फिलहाल कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह के पास खेल, जल संसाधन, पर्यावरण और युवा सेवा जैसे विभागों की जिम्मेदारी है। मीत हेयर बरनाला से दो बार के विधायक हैं और उन्होंने पिछले साल के चुनाव में 38 हजार से अधिक वोटों के अंतर से सीट जीती थी।