सीएम धामी का विपक्ष पर तीखा हमला: बोले-सत्ता में आते तो बनती मुस्लिम यूनिवर्सिटी,सच जनता के सामने आ चुका

CM Dhami's scathing attack on the opposition: Said – had they come to power, a Muslim university would have been built, the truth has come before the public.

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि जो दल पहले मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते थे, यदि वे उस समय सत्ता में आते तो निश्चित रूप से उसी दिशा में कदम बढ़ाते। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह बात जनता के सामने पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। उन्होंने यह बयान दून विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दिया।

सीएम धामी ने कहा कि हालिया घटनाक्रम से विपक्ष की मंशा साफ हो गई है और संबंधित प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार कानून के तहत काम कर रही है और किसी भी तरह की अनियमितता या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सहसपुर क्षेत्र में मदरसे के नाम पर एक ट्रस्ट को दी गई जमीन को बाद में अन्य लोगों को बेचे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला गंभीर है। इस पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में यह सामने आता है कि जमीन नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं दी गई थी, तो नियम-कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जमीन को सरकार में निहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या गलत मंशा को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने डॉ. नित्यानंद के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सरकार डॉ. नित्यानंद की जन्म शताब्दी मना रही है। डॉ. नित्यानंद ने सीमांत क्षेत्रों में बदल रही डेमोग्राफी को लेकर बहुत पहले ही चिंता जताई थी। इसके साथ ही उन्होंने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार और शोध प्रस्तुत किए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार डॉ. नित्यानंद के विचारों और शोध को आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से काम करेगी और उनके बताए मार्ग पर चलकर राज्य के हित में निर्णय लेगी।