नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, राहुल गांधी पर साधा निशाना; कैंची धाम यातायात समाधान और पर्यावरण संरक्षण पर भी बोले

Chief Minister Dhami arrived in Nainital and took aim at Rahul Gandhi; he also spoke about traffic solutions for Kainchi Dham and environmental conservation.

नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, राहुल गांधी पर साधा निशाना; कैंची धाम यातायात समाधान और पर्यावरण संरक्षण पर भी बोले

नैनीताल, 05 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को एक दिवसीय जनपद नैनीताल दौरे पर पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह देहरादून स्थित जीटीसी हेलीपैड से प्रस्थान कर सेंट जोसेफ स्कूल मैदान हेलीपैड, नैनीताल पहुंचे। इसके बाद वे राज्य अतिथि गृह पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विभिन्न संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से भी बातचीत की और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे और उनके बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में राहुल गांधी को गंभीरता से लेने वाले लोगों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी अक्सर ऐसे बयान देते हैं जिनका न तो कोई स्पष्ट आधार होता है और न ही उनका कोई राजनीतिक लाभ दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व समय-समय पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाने का प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों और सैन्य परंपराओं की भूमि है तथा यहां के लोग सेना के सम्मान के विषय में अत्यंत संवेदनशील हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना के साहस और बलिदान पर प्रमाण मांगना देशवासियों की भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने पूर्व सीडीएस एवं उत्तराखंड के गौरव स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रति कांग्रेस नेताओं द्वारा पूर्व में की गई टिप्पणियों को देश और प्रदेश के लोग भूले नहीं हैं।

 

कैंची धाम क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में वैकल्पिक यातायात व्यवस्थाओं और बाईपास परियोजनाओं पर काम जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन को देखते हुए सरकार ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रयास कर रही है जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, टैक्सी संचालकों तथा पर्यटकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हिमालयी राज्य है, जहां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम होता है तथा प्रदेश का लगभग 71 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र से आच्छादित है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी अन्य राज्यों की अपेक्षा उत्तराखंड पर अधिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ वायु, स्वच्छ जल और सुरक्षित प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया।