ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न: पीएम मोदी के बेमिसाल 12 साल, विधायक सरिता आर्य की अगुवाई में माँ नयना देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना

Celebrating a historic milestone: PM Modi's unparalleled 12 years—special prayers offered at Maa Naina Devi Temple led by MLA Sarita Arya.

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध माँ नयना देवी मंदिर में आज भारी उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। अवसर था देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में सफल 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का कीर्तिमान रचने का। इस ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में नैनीताल की क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्य के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने माँ नयना देवी के चरणों में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की।

विधायक सरिता आर्य की मौजूदगी में मंदिर के पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच विशेष हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर देश सेवा के लिए प्रार्थना की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि देश को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान दिलाने वाले प्रधान सेवक का मजबूत नेतृत्व देश को हमेशा मिलता रहे, यही माँ नयना देवी से उनकी कामना है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन कार्की ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं। उनके कार्यकाल के 12 सफल वर्ष पूरे होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। आज उन्हीं के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। इस विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों, महिला मोर्चे की सदस्यों और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। माँ के दरबार में आए तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी इस पल का साक्षी बनकर खुशी जाहिर की। पूरा मंदिर परिसर कुछ देर के लिए 'जय श्रीराम' और 'हर-हर मोदी' के नारों से गुंजायमान हो उठा।