नैनी झील में उतराता मिला शव! क्षेत्र में फैली सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब शहर के व्यस्त माल रोड क्षेत्र के समीप नैनी झील में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और पुलिस प्रशासन को तत्काल इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को झील से बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार सीतापुर आई हॉस्पिटल और क्लासिक होटल के निकट झील के किनारे लोगों ने पानी में एक शव उतराता हुआ देखा। देखते ही देखते आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया। पुलिस द्वारा शव की तलाशी लेने पर मृतक की जेब से एक सफेद रंग का रुमाल, गुटखा तथा ₹15 नकद बरामद हुए हैं। हालांकि मृतक के पास कोई पहचान पत्र या ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी संतोष कुमार ने बताया कि वह अपने वाहन से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर झील में उतराते हुए शव पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई और मृतक झील में कैसे पहुंचा, इसका अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।