ममता के गढ़ में भाजपा का मेगा शो: बांकुड़ा और पुरुलिया में गृह मंत्री का तूफानी दौरा, संकल्प पत्र के वादों को जनता तक पहुँचाने की रणनीति

BJP's Mega Show in Mamata's Stronghold: Home Minister's Whirlwind Tour of Bankura and Purulia—A Strategy to Take Manifesto Promises to the Masses

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पारा अपने चरम पर पहुँच गया है। सत्ता के शिखर तक पहुँचने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दो महत्वपूर्ण जिलों—बांकुड़ा और पुरुलिया में तीन विशाल जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा के शक्ति प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह के दौरे की शुरुआत सुबह 11 बजे बांकुड़ा के ओंदा विधानसभा क्षेत्र से होगी, जहाँ वे छातना स्थित रामसागर आंचल मैदान में पहली रैली करेंगे। इसके तुरंत बाद, दोपहर 12:30 बजे वे छातना विधानसभा क्षेत्र के एथानी झांटिपहाड़ी में दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे। शाह के दौरे का समापन पुरुलिया जिले के बाघमुंडी में होगा, जहाँ दोपहर 2 बजे कुशलडीह क्रिकेट ग्राउंड में वे जनता से सीधा संवाद करेंगे।

शुक्रवार को भाजपा का घोषणा पत्र यानी 'संकल्प पत्र' जारी करने के बाद अमित शाह की ये रैलियां बेहद अहम मानी जा रही हैं। शाह इन सभाओं के जरिए भाजपा के उन बड़े वादों को जनता के बीच रखेंगे, जो बंगाल की राजनीति की दिशा बदल सकते हैं। इनमें प्रमुख हैं समान नागरिक संहिता (UCC): सरकार बनने के छह महीने के भीतर लागू करने का वादा। हर महिला के खाते में 3,000 रुपये और सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण। 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें 45 दिनों में लागू करने और लंबित डीए का आश्वासन। घुसपैठ के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाने का संकल्प। मित शाह ने स्पष्ट किया है कि बंगाल की जनता अब भय और निराशा के माहौल से मुक्ति चाहती है। उनका दावा है कि पिछले एक दशक में भाजपा ने राज्य में एक रचनात्मक और सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाई है और अब जनता उसे मुख्य विकल्प के रूप में देख रही है। बांकुड़ा और पुरुलिया जैसे क्षेत्रों में शाह की ये रैलियां न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगी, बल्कि आदिवासी और ग्रामीण मतदाताओं को साधने में भी भाजपा के लिए संजीवनी साबित हो सकती हैं। आज की इन सभाओं में लाखों की भीड़ जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।