गोलीकाण्डः बाबा बागेश्वर के भाई पर फायरिंग का आरोप! घायल किसान बोला- पहले डंडों से पीटा, फिर पिस्तौल से किए कई राउंड फायर

Shooting Incident: Allegation of firing at Baba Bageshwar's brother! Injured farmer says—first beaten with sticks, then multiple rounds fired from a pistol.

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मंगलवार को एक फायरिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में एक किसान को गोली लगने के बाद मामला चर्चाओं में आ गया है। घायल किसान ने बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर गोली चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि गांव के किसानों पर लगातार जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि जो किसान अपनी जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है। मोतीलाल के अनुसार, इसी विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन पर फायरिंग कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि घटना में उन्हें कान के पास गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। अस्पताल में उपचार के दौरान मोतीलाल कुशवाहा ने मीडिया और पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि घटना के समय मौके पर शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा और दो.तीन अन्य लोग मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उनके साथ डंडों से मारपीट की गई और उसके बाद पिस्तौल से तीन-चार राउंड फायरिंग की गई। उनका दावा है कि गोली उनके कान के पास लगी और उन्होंने अपनी आंखों से शालिग्राम गर्ग को गोली चलाते हुए देखा। मोतीलाल ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में पहले भी बड़ी मात्रा में जमीन पर कब्जा किया जा चुका है और जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।