काशीपुर में दर्दनाक हादसाः बरसाती पानी से भरे भूखंड में डूबने से दो मासूम दोस्तों की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

Tragic incident in Kashipur: Two young friends drown in a plot filled with rainwater; families devastated by the tragedy.

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद स्थित काशीपुर शहर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। पुष्पक विहार क्षेत्र में बरसाती पानी से भरे एक खाली भूखंड में नहाने गए दो छह वर्षीय मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे तक पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है, जबकि दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, पुष्पक विहार कॉलोनी निवासी छह वर्षीय देव, पुत्र राजेंद्र और छह वर्षीय मयंक, पुत्र नन्हे बुधवार दोपहर अपने अन्य साथियों के साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे महादेव कॉलोनी स्थित एक खाली भूखंड तक पहुंच गए, जहां लगातार हो रही बारिश के कारण काफी गहरा जलभराव हो गया था। मासूम बच्चों ने उसी पानी में नहाने का मन बनाया और पानी में उतर गए। शुरुआत में वे उथले हिस्से में खेलते रहे, लेकिन कुछ ही देर बाद अनजाने में गहरे हिस्से तक पहुंच गए और डूबने लगे। घटनास्थल के पास मौजूद अन्य बच्चों ने जब दोनों को पानी में डूबते देखा तो घबराकर जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी अमन रुहेला तत्काल मौके पर पहुंचे। बिना अपनी जान की परवाह किए उन्होंने पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे को बाहर निकाल लिया।

इसी दौरान अन्य बच्चों ने बताया कि दूसरा बच्चा भी पानी के भीतर है। इसके बाद अमन दोबारा गहरे पानी में उतरे और काफी प्रयास के बाद दूसरे बच्चे को भी बाहर निकालने में सफल रहे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को तुरंत एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय, काशीपुर ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों का परीक्षण किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर मौजूद ईएमओ डॉ. साक्षी ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस घोषणा के साथ ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवार अस्पताल पहुंच गए। अपने मासूम बच्चों के शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी फूट-फूटकर रोने लगे। अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे पुष्पक विहार और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने इस हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। घटना की सूचना मिलने पर काशीपुर तहसीलदार पंकज चंदोला भी अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव वाले खतरनाक स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।