Aug 21, 2026 Login

बड़ी खबरः वीडियो कॉल पर राहुल गांधी का दमदार भाषण! पौड़ी जनसभा को किया सम्बोधित, बोले- अमेरिका डील से किसानों और युवाओं का भविष्य खतरे में, सरकार में आए तो खत्म करेंगे अग्निवीर योजना

Big news: Rahul Gandhi delivers a powerful speech via video call! Addressing a public meeting in Pauri, he said, "The US deal threatens the future of farmers and youth. If we come to power, we will e

रुद्रपुर/पौड़ी/अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा गुरुवार को खराब मौसम के चलते रद्द हो गया। ऐसे में अल्मोड़ा और पौड़ी में प्रस्तावित उनके कार्यक्रम प्रभावित हो गए, जिसके चलते उन्हें निर्धारित सभाओं में व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए बिना ही दिल्ली लौटना पड़ा। हालांकि मौसम की बाधा के बावजूद राहुल गांधी ने अल्मोड़ा और पौड़ी की जनसभाओं को फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया तथा केंद्र सरकार की नीतियों, अग्निवीर योजना, रक्षा व्यवस्था, किसानों और भारत-अमेरिका समझौते को लेकर तीखे राजनीतिक हमले किए। तय कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी गुरुवार को पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा और पौड़ी के कार्यक्रमों में शामिल होना था। पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर ने अल्मोड़ा के लिए उड़ान भी भरी, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण उसे वापस लौटना पड़ा। इस दौरान उनके द्वारा काफी देर तक मौसम सामान्य होने का इंतजार किया गया, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर राहुल गांधी को अपना दौरा स्थगित करना पड़ा और बाद में वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने वीडियो कॉल के माध्यम से पौड़ी गढ़वाल के पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने शुरुआत में कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से उनके बीच आना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उत्तराखंड आकर लोगों से मुलाकात करेंगे। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने उत्तराखंड के सैनिकों और पूर्व सैनिकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राज्य का देश की सुरक्षा में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं और परिवारों ने हर युद्ध और हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए अपने लोगों को सेना में भेजा है। उन्होंने कहा कि सेना के जवान और सरकार के बीच एक ऐसे भरोसे का रिश्ता होता है, जो भले ही लिखित रूप में न हो, लेकिन उसकी अहमियत बेहद पवित्र होती है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह योजना सेना और जवानों के बीच वर्षों से चले आ रहे विश्वास को कमजोर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना के तहत चार वर्ष की सेवा के बाद जवानों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा होती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से इस योजना का विरोध करती आ रही है और यदि भविष्य में कांग्रेस सत्ता में आती है तो अग्निवीर योजना को समाप्त करने पर विचार करेगी। अपने भाषण में राहुल गांधी ने उद्योगपति समूहों और केंद्र सरकार के संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों का लाभ चुनिंदा बड़े उद्योगपतियों (अडाणी-अंबानी) तक सीमित हो रहा है, जबकि आम युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अवसर और संसाधन भी निजी क्षेत्र की कुछ बड़ी कंपनियों के हाथों में केंद्रित होते जा रहे हैं। राहुल गांधी ने हाल ही में हुए भारत-अमेरिका समझौतों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने दावा किया कि इन समझौतों का असर देश के किसानों, छोटे उद्योगों और आर्थिक स्वायत्तता पर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि क्षेत्र और लघु उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के युवाओं को रोजगार देने वाली छोटी और मध्यम उद्योग इकाइयों को मजबूत करने की आवश्यकता है। कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए नोटबंदी और जीएसटी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों का असर छोटे कारोबारियों और मध्यम वर्ग पर पड़ा है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य युवाओं, किसानों, सैनिकों और मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा करना है। राहुल गांधी ने उत्तराखंड की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से निवेश और विकास किया जाए तो राज्य के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। हालांकि खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का दौरा प्रभावित रहा, लेकिन उनके वर्चुअल संबोधन ने राजनीतिक रूप से कई मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में कार्यक्रम के रद्द होने को लेकर निराशा जरूर देखने को मिली, लेकिन पार्टी नेताओं का कहना है कि भविष्य में राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का नया कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।