बड़ी खबरः प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप बने पंतनगर विश्वविद्यालय के नए कुलपति! राज्यपाल ने जारी किए आदेश

Big news: Professor Shivendra Kumar Kashyap appointed as the new Vice Chancellor of Pantnagar University! Governor issues order

देहरादून/पंतनगर। उत्तराखंड के गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति पद को लेकर बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। लोकभवन से जारी आदेश के अनुसार विश्वविद्यालय में कुलपति के कार्यों के निर्वहन के लिए प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप को अंतरिम व्यवस्था के तहत नियुक्त किया गया है। यह आदेश 27 अप्रैल 2026 को जारी किया गया, जिसमें पूर्व में 27 फरवरी 2026 को जारी आदेश को निरस्त करते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उत्तर प्रदेश कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अधिनियम, 1958 (जो उत्तराखंड में भी लागू है) की धारा-11 के तहत गठित चयन समिति की संस्तुति के आधार पर यह नियुक्ति की गई है। प्रो. कश्यप, जो वर्तमान में कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें कुलपति का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक अथवा अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह आदेश राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा अनुमोदित किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय, कृषि विभाग, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (नई दिल्ली) सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।