Big News: हिड़मा से भी खतरनाक नक्सली गणेश उइके का एनकाउंटर! 7 नाम, 1 करोड़ का इनाम और अंत, सुरक्षा बलों ने 5 साथियों को भी किया ढेर
नई दिल्ली। ओडिशा से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। जंगलों में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने शीर्ष नक्सली नेता गणेश उइके समेत 6 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। गणेश उइके नक्सली संगठन की केंद्रीय कमेटी का सदस्य बताया जा रहा है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गणेश उइके ओडिशा में नक्सली गतिविधियों का मुख्य संचालक था और उस पर सरकार की ओर से 1.1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह अभियान घने जंगलों वाले क्षेत्र में चलाया गया, जहां नक्सलियों के छिपे होने की आशंका थी। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही सुरक्षाबलों की टीम संदिग्ध इलाके में पहुंची, वहां मौजूद नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक फायरिंग होती रही, जिसके बाद मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में गणेश उइके के अलावा 5 अन्य शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं भी बताई जा रही हैं। फिलहाल बाकी नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य बरामद किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह इलाका नक्सली गतिविधियों का अहम केंद्र रहा है।
कहां का रहने वाला था गणेश उइके?
एनकाउंटर में मारा गया नक्सली गणेश उइके तेलंगाना के नलगोंडा जिले के चेंदूर मंडल के पुल्लेमाला गांव का रहने वाला था। वह कुल 7 नामों से जाना जाता था। गणेश उइके के अलावा पक्का हनुमंत, रूपा, राजेश तिवारी, चमरू दादा, गजराला रवि और सोमरू भी उसके नाम थे।