Awaaz24x7-government

यमन से आई बड़ी खबर! फिलहाल टल गई केरल की नर्स निमिषा प्रिया की फांसी, समझौते के लिए भारत सरकार कर रही अधिकारियों से बातचीत

Big news from Yemen! Kerala nurse Nimisha Priya's hanging postponed for now, Indian government is in talks with officials for a settlement

नई दिल्ली। यमन से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां केरल की नर्स निमिषा प्रिया की फांसी की सजा को फिलहाल टाल दिया गया है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। उन्हें यमन में 16 जुलाई को फांसी दी जानी थी। इस बीच भारतीय अधिकारी लगातार यमन के जेल और लोकल अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। भारत सरकार के अधिकारी इस मामले में निमिषा को हर संभव मदद प्रदान कर रहे हैं, जिससे उसकी जान बचाई जा सके। खबरों के मुताबिक भारत सरकार ने हाल ही में निमिषा प्रिया के परिवार को दूसरे पक्ष के साथ आपसी सहमति से समाधान निकालने के लिए और समय देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। भारतीय अधिकारी स्थानीय जेल अधिकारियों और अभियोजक कार्यालय के साथ नियमित संपर्क में रहे हैं, जिसके कारण यह स्थगन संभव हो गया है। बता दें कि निमिषा प्रिया की फांसी को भारतीय अधिकारियों की यमन के अधिकारियों की लंबी चर्चा के बाद टाला गया है।

भारतीय मिशन से जुड़े दो यमनी नागरिक और यमन में एक वार्ताकार, सैमुअल जेरोम भास्करन इस फांसी को टालने में शामिल रहे हैं, जो उसकी जान बचाने के लिए बातचीत कर रहे थे। सरकारी सूत्रों ने कहा कि हम इस मामले पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। हम स्थानीय अधिकारियों और उसके परिवार के सदस्यों के साथ नियमित संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान की है। हम मामले पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं। बता दें कि निमिषा प्रिया यमन में कार्यरत एक भारतीय नर्स हैं, जिन्हें यमनी नागरिक तलाल अब्दो मेहदी की हत्या का दोषी ठहराया गया है। केरल के पलक्कड़ जिले की मूल निवासी, निमिषा ने 2017 में हत्या का आरोप लगने से पहले कई वर्षों तक यमन में नर्स के रूप में काम किया था। तलाल की मदद से निमिषा ने अप्रैल 2015 में विदेश में अपना मनचाहा क्लिनिक खोला, जहां उसे कथित तौर पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण का सामना करना पड़ा।