BIG BREAKING: खामेनेई की मौत पर कश्मीर में जबरदस्त प्रदर्शन! तस्वीरें लेकर सड़कों पर उतरे लोग, लगाए नारे
नई दिल्ली। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। श्रीनगर, सोनवारी और बांदीपोरा में विरोध प्रदर्शन हुए, जहां शिया समुदाय के पुरुषों और महिलाओं ने ईरानी सर्वोच्च नेता की तस्वीरें लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी लगातार खामेनेई जिंदाबाद और अमेरिका-इजरायल मुर्दाबाद जैसे नारे लगा रहे हैं, जो उनकी कड़ी नाराजगी और विरोध को दर्शाता है। बारामूला में एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा कि शिया शहादत से नहीं डरते। हम रहबर खामेनेई के साथ हैं और उनके समर्थन में सड़कों पर उतरे हैं। अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या पर रामबन में शिया समुदाय के नेता सैयद समर काजमी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब हमने किसी नेता को खोया है, लेकिन हम अपने प्रिय नेता की मृत्यु को नहीं भूलेंगे। हम आने वाली पीढ़ियों को बताएंगे कि कैसे अमेरिका और इजरायल ने धोखे से हमारे नेता की हत्या की। मुसलमानों का एक वर्ग हमेशा से प्रिय नेता के मार्ग पर चलता रहा है और हमेशा कहता आया है कि हम उत्पीड़ितों के लिए हमेशा आवाज उठाएंगे। उनकी हत्या केवल इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने फ़िलिस्तीन में हो रही हत्याओं के खिलाफ आवाज उठाई जबकि दुनिया चुप रही। जम्मू और कश्मीर शिया एसोसिएशन ने भी खामेनेई की मौत पर शोक व्यक्त किया है। संगठन ने एक बयान में कहा कि हम इमाम खामेनेई के परिवार के सदस्यों की शहादत पर शोक व्यक्त करते हैं। हमारी प्रार्थनाएं नेता और ईरान की जनता के साथ हैं।