उत्तराखण्डः UTU पेपर लीक केस में पुलिस का बड़ा एक्शन! सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता गिरफ्तार, छात्रों को व्हाट्सऐप पर भेजे थे परीक्षा से जुड़े सवाल
देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में सहायक प्रोफेसर के पद पर तैनात था और मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पहले ही साझा करने और विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत 8 जुलाई को विश्वविद्यालय को मिले एक ई-मेल से हुई। ई-मेल में जानकारी दी गई थी कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में तैनात सहायक प्रोफेसर की ओर से 3 जुलाई को व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए गए थे। परीक्षा संपन्न होने के बाद जब इन प्रश्नों का मिलान प्रश्नपत्र में पूछे गए सवालों से किया गया तो दोनों में काफी समानता पाई गई। मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने स्तर से आंतरिक जांच समिति गठित की। समिति ने पूरे प्रकरण की जांच करते हुए संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के साथ आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सऐप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे। जांच के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने प्रेमनगर कोतवाली में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सहायक प्रोफेसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए गवाहों के बयान दर्ज किए और उपलब्ध दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में पेपर लीक और प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल पहले साझा किए जाने का मामला सामने आने के बाद परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और गोपनीयता को लेकर भी सवाल उठे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन पहले ही मामले में आंतरिक जांच कर कार्रवाई कर चुका है। अब पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।