जंतर मंतर प्रोटेस्ट: राहुल गांधी की बस यात्रा से गरमाई सियासत! सदन के बाहर मीडिया पर भड़कीं प्रियंका गांधी, बोलीं- आप वही सवाल पूछोगे, जो सरकार आप से...
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की देर रात बस यात्रा ने सियासत खासी गरमा दी है। दरअसल, गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया गठबंधन के सांसद एकजुट होकर गांधी स्मृति पहुंचे। राहुल गांधी अपने सरकारी आवास से विपक्षी नेताओं के साथ एक बस में सवार होकर निकले। इस दौरान कांग्रेस, आरजेडी, सीपीआई (एम) समेत कई विपक्षी दलों के सांसद उनके साथ मौजूद रहे। यात्रा शुरू होने से पहले कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। राहुल गांधी के आवास के बाहर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी और बस को आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ मिनट तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने रास्ता खोल दिया, जिसके बाद विपक्षी नेताओं का काफिला गांधी स्मृति के लिए रवाना हो गया।
इधर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को मीडिया और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। गुरुवार को संसद भवन के बाहर मीडिया के सवालों पर प्रियंका गांधी खासी नाराज दिखीं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए सख्त लहजे में कहा कि "मैं अब से सिर्फ उन्हीं सवालों का जवाब दूंगी, जो जरूरी हैं। आप सब वही सवाल पूछते हैं, जो सरकार आप से पुछवाना चाहती है। जब आप सरकार से सवाल करेंगे, तब मैं आपके सवालों का जवाब दूंगी।" इस दौरान उन्होंने छात्रों पर हुई बर्बरता पर दुःख जताया और मीडिया को कटघरे में खड़ा किया।
उधर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र अपने भविष्य को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में विपक्ष का कर्तव्य है कि वह उनके साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा, 'हम पहले इंडिया गेट जाना चाहते थे, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद हमने गांधी स्मृति जाने का फैसला किया, वहां भी हमें कुछ देर रोका गया। हमारा सबसे बड़ा संदेश देश के छात्रों के लिए है कि हम आपके साथ हैं और आपकी आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठाएंगे।'