बड़ी खबर: दिल्ली के कनॉट प्लेस में देर रात भारी बवाल! पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प, पत्थरबाजी और लाठीचार्ज की खबर
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर बवाल की खबर सामने आई है। खबरों के मुताबिक पुलिस और सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया है। बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। इस झड़प में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के घायल होने की खबर भी सामने आई है। इस बीच गुरुग्राम में विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मेदांता अस्पताल में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचा था, जिसे पुलिस ने रोक लिया। मेदांता अस्पताल के बाहर ही पुलिस बल ने विपक्षी सांसदों को रोक लिया कि वे अंदर नहीं जा सकते। विपक्षी सांसदों ने कहा कि वे 51 सांसदों की साइन की हुई चिट्ठी लेकर आए हैं और सोनम वांगचुक से मिलकर अनशन तोड़ने की अपील करना चाहते हैं। अंदर नहीं जाने देने पर सांसद अस्पताल के बाहर ही जमीन पर बैठ गए। कुछ देर बाद डॉक्टरों का ग्रुप उनसे मिलने आया तो भी सांसद नहीं उठे। फिर सोनम वांगचुक की पत्नी आई तो सांसदों ने उन्हें चिट्ठी देकर कहा कि सोनम वांगचुक देश के लिए अहमियत रखते हैं और देश को उनकी जरूरत है, उन्हें अनशन तोड़ देना चाहिये। सोनम वांगचुक की पत्नी ने कहा कि मैं उनको ये चिट्ठी देकर आपका संदेश बता दूंगी। उन्होंने ये भी मांग रखी कि धरने पर बैठे युवाओं व लोगों पर अब किसी प्रकार का बल प्रयोग नहीं होना चाहिये।