गुजरात के अहमदाबाद में भीषण हादसा: पटाखा फैक्टरी में आग और धमाकों से 8 की मौत! 15 घायल, हर तरफ पसरा मातम
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने के बाद फैक्टरी में रखे विस्फोटकों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। यह हादसा अहमदाबाद के रामोल-गात्राड रोड स्थित मेहमदपुरा इलाके में संचालित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्टरी के भीतर तेज धमाके शुरू हो गए। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि कई किलोमीटर दूर तक उनकी आवाज सुनाई दी, जबकि आग से उठता धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जबकि पुलिस और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया। बचाव दल ने फैक्टरी के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे की शुरुआत किस वजह से हुई। जेपीसी क्राइम ब्रांच के अधिकारी शरद सिंघल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस पटाखा फैक्टरी में हादसा हुआ, वह बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। उन्होंने बताया कि घटना के समय फैक्टरी में करीब 15 लोग काम कर रहे थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बिना लाइसेंस फैक्टरी कैसे संचालित हो रही थी और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फैक्टरी में विस्फोटक सामग्री का भंडारण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। साथ ही घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।