महाराष्ट्र में बड़ा हादसा! पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा, 20 से 25 लोग बहे

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में आज एक बड़ा हादसा हो गया, यहां पुणे के तलेगांव क्षेत्र के कुंडमाल के पास इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल भारी बारिश और तेज बहाव के कारण अचानक ढह गया। प्रशासन को आशंका है कि इस हादसे में करीब 20 से 25 लोग नदी में बह गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये पुल पिछले कुछ समय से खस्ताहाल स्थिति में था और वाहनों के लिए पहले ही बंद कर दिया गया था, लेकिन भारी बारिश और नदी में पानी का जलस्तर बढ़ने के कारण कई लोग इस पुल पर आ गए और बढ़े हुए जलस्तर के नजारे देख रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुट गई हैं। नदी में गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा है और लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जमा न होने की अपील की है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि ये पुल 2-3 महीने पहले बंद किया गया था। क्योंकि पुल बेहद जर्जर स्थिति में था। अभी तक 6 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। घटनास्थल पर 15 एंबुलेंस मौजूद हैं। पुलिस ने बताया कि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कुंडमाल गांव के पास इंद्रायणी नदी पर एक पुल ढह गया। 20 से 25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। 5 से 6 लोगों को बचा लिया गया है।