भीमताल में युवती से शोषण का मामलाः आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर उबाल! सोमवार तक कार्रवाई न हुई तो बंद और उग्र आंदोलन की चेतावनी
नैनीताल। भीमताल में युवती के साथ कथित शोषण के मामले को लेकर जनआक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को लेकर अब स्थानीय व्यापारिक समुदाय खुलकर मैदान में उतर आया है। व्यापार मंडल ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समयसीमा तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पूरे क्षेत्र में दुकानें बंद रखी जाएंगी और व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि पूरे समाज की गरिमा और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए सभी व्यापारी एकजुट होकर इस आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। व्यापार मंडल के अनुसार आरोपी युवक पर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, प्रेम जाल में फंसाने और शोषण करने जैसे गंभीर आरोप हैं। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।