देहरादून में दुस्साहस: भाजपा नेता पर कार चढ़ाकर हत्या की कोशिश, फिर पिस्टल तानकर किया अपहरण का प्रयास
देहरादून। राजधानी के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक भाजपा नेता को मौत के घाट उतारने की साजिश रची। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष पर पहले कार चढ़ाकर जान लेने की कोशिश की गई और फिर पिस्टल की नोक पर उनका अपहरण करने का प्रयास किया गया। गनीमत रही कि शोर मचने पर जुटे लोगों को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया, जो भाजपा युवा मोर्चा में मंडल उपाध्यक्ष हैं, सोमवार शाम करीब 4 बजे गौतम कुंड के पास एक कैफे से अपने घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्ष सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान अनियंत्रित कार एक मकान की दीवार से जा टकराई, जिससे दीवार भी ढह गई। पीड़ित हर्ष वालिया ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार से कुछ युवक उतरे और उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी बीच दूसरी कार से आए उनके अन्य साथियों ने हर्ष को जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया। जब हर्ष ने शोर मचाया और स्थानीय लोग मौके पर जमा होने लगे, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। खुद को घिरता देख हर्ष मौका पाकर पास की एक दीवार फांदकर भाग निकले, जिससे उनकी जान बच सकी। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाने में किसी मामले को लेकर उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी, जहां उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। हर्ष ने इस हमले में हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा सहित तीन अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार को कब्जे में ले लिया है। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।