उपराष्ट्रपति का दो दिवसीय देहरादून दौरा कल: 19 और 20 अगस्त को कई रूट रहेंगे डायवर्ट, सफर पर निकलने से पहले देखें दून पुलिस का पूरा ट्रैफिक प्लान
देहरादून। उपराष्ट्रपति के 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित देहरादून दौरे को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के मद्देनजर कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। ऐसे में देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार की ओर आने-जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी रखना जरूरी होगा।
दून पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को ट्रैफिक प्लान दोपहर एक बजे से शाम 3:30 बजे तक लागू रहेगा। 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक और फिर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित रूट पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। रानीपोखरी और भोगपुर की ओर से आने वाले वाहनों को थानों होते हुए छह नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक के रास्ते देहरादून शहर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से आईटी पार्क, साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा। भानियावाला फ्लाईओवर की सर्विस लेन से आने वाले वाहनों को डोईवाला चौक होते हुए दूधली मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद कारगी चौक से देहरादून शहर की ओर वाहनों को भेजा जाएगा। कारगी चौक से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा। आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहन भी आईएसबीटी और शिमला बाईपास के रास्ते जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी की ओर जाएंगे। ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी का मार्ग निर्धारित किया गया है। ग्रेट वैल्यू क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहन कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर जाएंगे। हाथीबड़कला और दिलाराम से मसूरी जाने वाले वाहनों को भी दिलाराम, ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते भेजा जाएगा। कारगी चौक से ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले वाहनों को दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा। इससे वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने की कोशिश की जाएगी। जेपी बैंड से आने वाले वाहनों को बार्लोगंज, कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक और आईटी पार्क होते हुए सहस्त्रधारा क्रॉसिंग की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद छह नंबर पुलिया और महाराणा प्रताप चौक होते हुए थानों रोड से वाहन अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने वाहन चालकों से पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का इस्तेमाल न करें। मुख्य मार्ग, सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क करने से भी बचें, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात बाधित न हो। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि जरूरी काम के लिए निकलने वाले लोग समय का अतिरिक्त ध्यान रखें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। यातायात पुलिस की ओर से मौके पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा।उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में 19 और 20 अगस्त को दून में सफर करने वाले लोगों के लिए सबसे जरूरी है कि वे निर्धारित समय और रूट डायवर्जन को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।