रुद्रपुर में डंपर चालकों से अवैध वसूली का आरोप! पूर्व विधायक ठुकराल ने एसपी सिटी से की शिकायत, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

Allegations of illegal extortion from dumper drivers in Rudrapur! Former MLA Thukral complains to SP City, demands a fair investigation

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में डंपर चालकों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए एसपी सिटी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि जनपद में ओवरलोडेड डंपरों के संचालन के दौरान सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में अवैध वसूली का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल चालकों का शोषण हो रहा है, बल्कि पुलिस की छवि भी प्रभावित हो रही है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी को सौंपे गए ज्ञापन में पूर्व विधायक ठुकराल ने बताया कि जाफरपुर निवासी डंपर स्वामी रामसिंह ने 16 अप्रैल को रुद्रपुर कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि भाजपा नेता विकास सागर, जिसे कथित रूप से राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, पुलिस के नाम पर डंपर चालकों से अवैध वसूली कर रहा है। पूर्व विधायक ने कहा कि पर्याप्त साक्ष्य और तहरीर दिए जाने के बावजूद दो सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने इसे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया। ज्ञापन में कुंडा थाना क्षेत्र के एक आत्महत्या प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए पुलिस की भूमिका पर चिंता जताई गई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। वहीं एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि डंपर चालकों से अवैध वसूली के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।