'छावा' देखने के बाद दिल्ली में बवाल, अकबर बाबर रोड में लगे बोर्ड पर पोती कालिख

दिल्ली। छावा मूवी देखने के बाद कुछ लोगों ने राष्ट्रीय राजधानी में बवाल किया। इन लोगों ने अकबर, बाबर और हुमायूं रोड का नाम बदलने की मांग की है। उपद्रवियों ने बाबर रोड के साइन बोर्ड पर कालिख भी पोत दी, लोग बोले कि अकबर बाबर हुमायूं के नाम को सड़कों से हटाएं, ये हमारे ऊपर हमारे कलंक हैं। इन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ बहुत गलत किया था। दिल्ली में हिंदू सेना ने 14 सितंबर 2019 को भी बाबर रोड के साइन बोर्ड को काले रंग से पोत दिया था। साथ ही इसका नाम भारतीय व्यक्ति के नाम पर रखने की मांग की थी। हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने उस समय कहा था सरकार अकबर-बाबर रोड का नाम बदले। इस रोड का नाम विदेशी आक्रमणकारियों के नाम पर है।
दरअसल, लक्ष्मण उटेकर के निर्देशन में बनी फिल्म छावा कुछ दिनों से सुर्खियों में है। फिल्म छावा 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी। अभिनेता विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना इस फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। फिल्म रिलीज होने के एक सप्ताह के अंदर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। छावा मूवी में विक्की कौशल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे संभाजी महाराज की भूमिका को प्रभावी तरीके से पेश किया है। दर्शक फिल्म में उनकी एक्टिंग की काफी तारीफ कर रहे हैं। फिल्म की दमदार कहानी ने भी दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया है।