उत्तराखण्ड में सनसनीखेज मामलाः रात में पति की कथित प्रेमिका के घर पहुंची थी महिला! सुबह रेलिंग से लटका मिला शव, गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म
लोहाघाट। उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक 40 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ोसी महिला के मकान की रेलिंग से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने महिला का शव पड़ोसी महिला के मकान की रेलिंग से लटका देखा। देखते ही देखते पूरे गांव में सनसनी फैल गई और सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोहाघाट थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद के पहलू को देखते हुए हर कोण से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। चर्चा है कि मृतका और उसके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला को अपने पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने का संदेह था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। विवाद इतना बढ़ गया था कि गांव स्तर पर कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात महिला कथित रूप से उसी महिला के घर पहुंची थी, जिसके साथ उसके पति के संबंध होने की चर्चाएं गांव में चल रही थीं। सुबह उसी मकान की रेलिंग से उसका शव लटका मिला। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। जिस मकान के पास यह घटना हुई, उसके स्वामी ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के बाद उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। मृतका अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि उसका पति काशीपुर में तेल का टैंकर चलाता है और घटना से एक दिन पहले ही गांव लौटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि किसी भी तरह की अफवाहों पर विराम लग सके। वहीं पुलिस लगातार परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।