देवप्रयाग में मौत का खौफनाक मंजरः गंगा में समाई इनोवा! 4 शव बरामद, 3 अब भी लापता! 24 घंटे से जारी है सर्च ऑपरेशन
देवप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, ताजा घटनाक्रम टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग से सामने आया है। यहां सोमवार को हुए हादसे में अभी भी 3 यात्री लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 4 यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं एक बच्चे को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे। सभी राजस्थान के निवासी थे, जो संभवत चारधाम यात्रा पर थे और हरिद्वार लौट रहे थे। घटना के 24 घंटे बाद भी एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना के मुताबिक, मंगलवार को थाना देवप्रयाग से सूचना मिली कि एक हरिद्वार नंबर की इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त होकर गंगा नदी में समा गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे लगा सुरक्षा पैराफिट भी वाहन की रफ्तार को रोक नहीं पाया और कार उसे तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। एसडीआरएफ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत कुल 8 व्यक्ति सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से राफ्ट समेत अतिरिक्त टीम और एसडीआरएफ पोस्ट श्रीनगर से भी रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर विभिन्न एसडीआरएफ इकाइयों द्वारा जिला पुलिस और अन्य बचाव इकाइयों के साथ मिलकर समन्वय और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ की टीमों ने नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीमों द्वारा एक बच्चे को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। वहीं नदी से 4 शव बरामद किए गए, जिन्हें राफ्ट के माध्यम से रोड तक लाकर आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। रेस्क्यू टीमों द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर और आसपास के क्षेत्र में विस्तृत सर्चिंग की गई, लेकिन वाहन के अंदर कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। फिलहाल 3 लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु एसडीआरएफ की टीमों द्वारा सभी संभावित क्षेत्रों में गहन सर्च अभियान जारी है। उधर घटना की सूचना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली। सीएम धामी ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।