भीषण आग का कहरः एक चिंगारी ने जला डाले 6 घर! लाखों का नुकसान, आजीविका से जुड़े संसाधन भी उजड़े

A massive fire wreaked havoc: A single spark burned six homes to the ground, causing losses worth millions and destroying livelihood resources.

देहरादून। विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्राकॉलोनी मेदनीपुर स्थित गुर्जर बस्ती में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब छह कच्चे घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, जबकि कई परिवार बेघर हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहसपुर थाना क्षेत्र की गुर्जर बस्ती में अचानक आग लग गई। कच्चे और घास-फूस से बने घरों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों ने एक के बाद एक छह घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इन घरों में रखा रोजमर्रा का सामान, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर सर्विस की दो गाड़ियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की तत्परता से आसपास के अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रसोई की चिंगारी बनी हादसे की वजह
सहसपुर थाने के एसएसआई मनमोहन सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस समय आग लगी, उस वक्त घरों के बड़े सदस्य खेतों में गेहूं की कटाई के लिए गए हुए थे और घरों में केवल छोटे बच्चे मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एक घर की रसोई से निकली चिंगारी सूखे घास-फूस में लग गई, जिसने तेजी से आग पकड़ ली और देखते ही देखते अन्य घरों तक फैल गई। आग से प्रभावित सभी परिवार गुर्जर समुदाय से हैं, जो मुख्य रूप से मवेशी पालन कर अपने जीवन यापन करते हैं। इस हादसे में उनका न केवल घर उजड़ा, बल्कि आजीविका से जुड़े संसाधन भी नष्ट हो गए।