उत्तराखण्ड में ठगी का बड़ा खुलासाः राहुल गांधी का पीए बनकर महिला से 25 लाख की ठगी! टिकट दिलाने का दिया झांसा, पुलिस तक पहुंचा मामला

A major fraud case has surfaced in Uttarakhand: A man posing as Rahul Gandhi's personal assistant duped a woman of 25 lakh rupees! He deceived her with the promise of a ticket, and the matter reached

देहरादून। राजधानी देहरादून से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, यहां एक शातिर आरोपी ने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सहायक (पीए) बताकर एक महिला से करीब 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने न केवल महिला का भरोसा जीता, बल्कि उसे राजनीतिक संपर्कों और चुनावी टिकट का लालच देकर बड़ी रकम ऐंठ ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता भावना पांडेय ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनसे फोन पर संपर्क किया और खुद को राहुल गांधी का पीए बताया। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर कई बड़े कांग्रेस नेताओं की आवाज भी सुनाई, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नाम शामिल हैं। इन आवाजों के जरिए आरोपी ने महिला को पूरी तरह अपने झांसे में ले लिया।

आरोपी ने महिला को बताया कि कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में ठहरे हुए हैं और विधानसभा क्षेत्रों का सर्वे कर रहे हैं। उसने यह भी दावा किया कि वह अपने प्रभाव के जरिए महिला को चुनावी टिकट दिला सकता है, लेकिन इसके लिए खर्च आएगा। इसी बहाने आरोपी ने महिला से पैसे की मांग शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार उन्होंने 13 अप्रैल 2026 को अपने बैंक खाते से करीब 9.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए, जबकि लगभग 5 लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा अलग-अलग किस्तों में एक अन्य व्यक्ति, जिसे आरोपी का साथी और महाराष्ट्र का विधायक बताया गया, को भी पैसे दिए गए। कुल मिलाकर महिला से लगभग 25 लाख रुपये ठग लिए गए। जब लंबे समय तक कोई काम नहीं हुआ और न ही टिकट दिलाने का वादा पूरा हुआ, तो पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ।

उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, लेकिन उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा। बाद में आरोपियों ने संपर्क करना भी बंद कर दिया। भावना पांडेय का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो राजनीतिक कार्यकर्ताओं को टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करता है और इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।