अयोध्या में बड़ा अग्निकाण्डः राजघाट पर महायज्ञ स्थल पर लगी आग! विकराल लपटें देख मची अफरा-तफरी, फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
अयोध्या। अयोध्या में आज एक बड़ा अग्निकाण्ड हो गया, यहां राजघाट में हो रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में अज्ञात कारणों चलते आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गयी। सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गयी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इधर अग्निकाण्ड की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक अयोध्या स्थित राजघाट में हो रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन का उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में कराया जा रहा था। लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आज समापन हुआ था, इस दरमियान यज्ञ की पूर्णाहुति के दरमियान भयंकर आग लग गई। इस आगजनी की घटना में लाखों के नुकसान की आशंका है। वहीं इस घटना में 3-4 लोगों के झुलसने की संभावना है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया गया कि 108 कुंडीय महायज्ञ के समापन के बाद भड़की आग से तीन जगह पर भयंकर आग लग गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान जिलाधिकारी और एसपी भी मौजूद रहे। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि 9 दिवसीय यज्ञ का आयोजन किया गया था, जिसकी पूर्णाहुति घटना के डेढ़ घंटे पहले हुई थी। घटना कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं है, जब यज्ञशाला में आग लगी तो समय यज्ञशाला खाली हो चुकी थी। इस घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है।