यूपी के प्रयागराज में बड़ा हादसाः धमाका होते ही भर-भराकर गिरा कोल्ड स्टोरेज! चार मजदूरों की मौत की खबर, कई की हालत गंभीर
प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में आज सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर में उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का कोल्ड स्टोरेज तेज धमाके के साथ धराशायी हो गया। बताया जाता है कि अमोनिया गैस टैंक फटने के चलते यह हादसा हुआ है। इस दौरान मलबे में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। आनन-फानन में सभी को बाहर निकाला गया। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत होने की आशंका है, हांलाकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं हादसे में छह की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिले भर की एंबुलेंस को राहत बचाव कार्य में लगाया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरफ की टीम रेस्क्यू आपरेशन में जुटी है। वहीं हादसे के चलते मलाक हरहर में लखनऊ हाईवे पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। मौके पर जिलाधिकारी मनीष कुमा वर्मा, पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मलबे में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग दब गए। घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया है। फाफामऊ समेत आसपास के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि मौके से निकाले गए चार मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुट गई है। दर्जन भर से अधिक जेसीबी मलबो को हटाकर दबे हुए लोगों को खोज रही है। शाम सवा चार बजे तक तीन शव निकाले जा चुके हैं। सभी मजदूर बिहार के सहरसा जिले के बताए जा रहे हैं। एक मृतक की पहचान सहरसा के ज्योतिष के रूप में हुई है। हादसे के समय डेढ़ दर्जन से अधिक मौजूद शीतगृह में मौजूद थे। तेज आवाज के साथ धमका हुआ तो आसापास के लोग भी सहम गए। समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद के परिवार के कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।