ये कैसा प्यारः देहरादून में प्रेमी-प्रेमिका के बीच खूनी संघर्ष! दोनों के बीच तीसरे की एंट्री से मचा बवाल, एक-दूसरे को चाकू मारा

What kind of love is this? A bloody fight between a couple in Dehradun! A third person's entry sparked a commotion, and they stabbed each other.

देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब मामूली सी बात को लेकर एक यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र और छात्रा आपस में लड़ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों में खूनी संघर्ष छिड़ गया। आरोप है कि छात्र और छात्रा ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला भी किया। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा भी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्रों (युवक और युवती) की पहले किसी बात पर बहस हुई। कुछ ही देर में ये बहस गुस्से में बदल गई। बताया जा रहा है कि तभी ताव में आकर युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद तो विवाद और ज्यादा बढ़ गया और युवक की तरफ से भी युवती पर चाकू से वार किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों युवक व युवती को दून हॉस्पिटल लेकर गई, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दोनों छात्र थाना क्लेमेनटाउन क्षेत्र में स्थित एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करते हैं। दोनों एमसीए प्रथम वर्ष में छात्र हैं और दोनों ओगल भट्ठे के पास अलग-अलग प्राइवेट हॉस्टलों में रहते हैं। दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन आज छात्र को जानकारी मिली कि छात्रा का प्रेम प्रसंग कहीं और भी चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इस विवाद में दोनों ने एक-दूसरे को चाकू मार दिया। घायल युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।