Sep 26, 2026 Login

2 अक्तूबर तक बदलेगा मौसम का मिज़ाज: यूपी-उत्तराखंड से लेकर एमपी-बिहार तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट

Weather to shift by October 2: Torrential rain alert for regions spanning UP-Uttarakhand to MP-Bihar.

नई दिल्ली। मानसून की विदाई से पहले देश के बड़े हिस्से पर कुदरत का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 2 अक्तूबर तक के लिए देशव्यापी मौसम अलर्ट जारी किया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार समेत उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली और तेज आंधी-तूफान का दौर देखने को मिलेगा। विभाग ने कई राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

सितंबर का आखिरी सप्ताह देश के कई हिस्सों में मौसम के लिहाज से बेहद सक्रिय रहने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत, पूर्वी भारत और दक्षिणी राज्यों के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में 26 से 28 सितंबर के बीच काफी ज्यादा से व्यापक बारिश होने का अनुमान है। 26 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। झोंकों के दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 28 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। इसके बाद 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच बारिश कुछ स्थानों तक सीमित रहने का अनुमान है। उत्तरप्रदेश में 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 26-27 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। झोंकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मध्य प्रदेश में 26-27 सितंबर को पूर्वी हिस्सों और 27 सितंबर को पूर्वी तथा पश्चिमी दोनों हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। 26 सितंबर को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 26-27 सितंबर के दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 26 से 28 सितंबर तक बड़े क्षेत्र में बारिश हो सकती है। 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आंधी-तूफान तथा बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। पूर्वी भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा। बिहार में 26 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार और झारखंड में इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंकों में गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में भी व्यापक बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 27-28 सितंबर को काफी ज्यादा से व्यापक बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26-27 सितंबर को व्यापक बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। यहां भी 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। पंजाब में 26-29 सितंबर तक कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है। राजस्थान में भी मौसम सक्रिय रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में 27-29 सितंबर और पूर्वी राजस्थान में 26-30 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि 29-30 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण-गोवा और मराठवाड़ा में भी 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच व्यापक बारिश और 29 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सितंबर के अंतिम दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने वाला है। बारिश के साथ तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आम लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की जरूरत होगी।