Sep 27, 2026 Login

रुद्रपुर में रफ्तार का कहरः ई-रिक्शा को कार ने मारी टक्कर! चालक की मौके पर मौत, भागते समय कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर पलटी कार

Speeding takes a deadly toll in Rudrapur: Car rams into e-rickshaw! Driver dies on the spot; car overturns after losing control a short distance away while fleeing.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा काशीपुर रोड पर श्रीजी रेस्टोरेंट के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन से सवारियां लेकर जा रहे ई-रिक्शा को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, ई-रिक्शा में सवार यात्री हादसे में बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार पहाड़गंज निवासी लियाकत हुसैन पुत्र अनवार हुसैन शनिवार सुबह ई-रिक्शा लेकर रेलवे स्टेशन से सवारियां लेकर निकला था। वह काशीपुर रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान श्रीजी रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लियाकत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हालांकि लियाकत को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा में मौजूद सवारियां हादसे में बाल-बाल बच गईं।

हादसे के बाद कार लेकर भागा चालक, आगे जाकर पलटी कार
हादसे के बाद कार चालक तेज रफ्तार में फरार हो गया। हालांकि कुछ दूरी पर जाने के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार का नंबर यूके06एक्यू4632 बताया जा रहा है। कार पलटने से चालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कार चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और कार की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। 

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका, जांच की मांग
इधर, लियाकत हुसैन की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले में किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है। उन्होंने पुलिस से हादसे की पूरी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।