ऊधम सिंह नगरः गदरपुर में फर्जी प्रमाणपत्रों का खेल बेनकाब! दो आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप, मोबाइल, हार्ड डिस्क और SSD बरामद
गदरपुर। ऊधमसिंह नगर के गदरपुर में फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर स्थायी निवास, जाति और अनाथ प्रमाण-पत्र बनवाकर लाभ लेने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक एसएसडी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 को कोतवाली गदरपुर में राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी स्थायी निवास, जाति और अनाथ प्रमाण-पत्र बनवाकर लाभ लेने का आरोप लगाया गया था। मामले में पुलिस द्वारा विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में शुभम हुड़िया, निखिल वर्मा, प्रमोद सैनी, शेखर अरोड़ा, लवी, प्रियांशु गुप्ता, वैष्णवी सिंह, अवंतिका डवास, वनावी कुमारी और प्रभात चौधरी समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों की जांच की गई। जांच में इन प्रमाण-पत्रों को तैयार कराने के लिए कथित तौर पर फर्जी या कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल जैसे दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। पुलिस का कहना है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर स्थायी निवास, जाति और अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कराने और फिर इनके जरिए लाभ लेने की प्रक्रिया की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और प्रमाण-पत्र बनवाने की पूरी प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी वार्ड नंबर-10, गदरपुर और निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय गदरपुर को 25 सितंबर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।