उत्तराखण्डः मां की तस्वीर साथ लेकर ईडी दफ्तर पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत! जानें क्या है पूरा मामला?
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शनिवार को 2016 के कथित भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के देहरादून स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। ईडी ने दो दिन पहले ही हरीश रावत को नोटिस जारी कर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। हरीश रावत आईटी पार्क स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे तो उनके गले में उनकी मां की तस्वीर थी। उन्होंने कहा कि वह अपनी मां, मां जगदंबा और धरती माता का स्मरण करते हुए उनका आशीर्वाद लेकर ईडी कार्यालय आए हैं। ईडी कार्यालय पहुंचने से पहले हरीश रावत ने कहा कि उन्हें दो दिन पहले नोटिस मिला था। यह नोटिस वर्ष 2016 में सामने आए भर्ती घोटाले से जुड़े मामले को लेकर है। उन्होंने बताया कि ईडी ने उनसे कई दस्तावेज मांगे हैं, जिनमें पुराने आयकर रिटर्न से संबंधित जानकारी के साथ-साथ परिवार और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं। रावत ने कहा कि नोटिस में परिवार से संबंधित जानकारी मांगी गई है, लेकिन इसमें परिवार से आशय किन-किन लोगों से है, इसकी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है। हरीश रावत ने कहा कि ईडी ने उन्हें बुलाया है, इसलिए वह यहां पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी को साथ लेकर नहीं आए और न ही उन्होंने किसी को बुलाया है। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह अपनी मां के साथ अकेले आए हैं। उनका कहना था, "ईडी ने बुलाया, हम खरामे-खरामे चले आए।"
2016 की VPDO परीक्षा में धांधली के आरोप
जिस मामले में हरीश रावत को ईडी ने नोटिस भेजा है, उसकी जड़ें वर्ष 2016 में आयोजित उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा से जुड़ी हैं। इस परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोप सामने आए थे। आरोप था कि कुछ अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए परीक्षा की OMR शीट में हेरफेर की गई। जांच में आरोप सामने आए कि परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ OMR शीट को कथित तौर पर दोबारा खोला गया और उनमें कुछ अभ्यर्थियों के गलत उत्तरों को सही किया गया। इसके बाद इन शीट को फिर से सील किए जाने की बात सामने आई थी। आरोप यह भी था कि इस पूरी प्रक्रिया के जरिए कुछ चुनिंदा अभ्यर्थियों को परीक्षा में सफल कराने का प्रयास किया गया।मामला सामने आने के बाद परीक्षा और चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे थे। जांच आगे बढ़ने पर UKSSSC के तत्कालीन अध्यक्ष आरएस रावत, सचिव मनोहर सिंह कन्याल और परीक्षा नियंत्रक आरएस पोखरिया समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी।
जीना के यहां छापे के बाद रावत को नोटिस
चंदन जीना के परिसरों पर ईडी की कार्रवाई के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को पूछताछ के लिए नोटिस भेजे जाने से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ईडी ने रावत से आयकर रिटर्न, परिवार से संबंधित जानकारी और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। शनिवार को रावत इन दस्तावेजों से संबंधित जानकारी के साथ ईडी कार्यालय पहुंचे। फिलहाल ईडी कार्यालय में हरीश रावत से मामले से जुड़े तथ्यों और मांगे गए दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों से यह स्पष्ट होगा कि ईडी की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।