Sep 26, 2026 Login

उत्तराखण्ड में ऑनर किलिंगः लव अफेयर का शक, पुरानी रंजिश और तड़तड़ाईं गोलियां! भाई ने बहन और पड़ोसी युवक को मारी गोली, डबल मर्डर से दहला गांव! तनाव के बीच भारी फोर्स तैनात

Honor killing in Uttarakhand: Suspicion of a love affair, an old feud, and the crack of gunfire! A brother shot his sister and a young neighbor; the village is reeling from the double murder! Heavy s

रुड़की। उत्तराखण्ड के रुड़की से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बहन के पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम संबंध होने के शक में एक युवक ने पड़ोसी युवक और अपनी सगी बहन को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसी युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में बल तैनात कर दिया है। पुलिस के अनुसार झबरेड़ी कलां निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। करीब एक साल पहले भी दोनों पक्षों के बीच इसी मामले को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था। पुलिस का कहना है कि शनिवार सुबह पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह मुन्ना उर्फ सूरज अपने घर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर उसके घर पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई इस वारदात से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मुन्ना की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसने अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी। गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद था। करीब एक वर्ष पूर्व भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके थे। हालांकि, उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया था। पुलिस अब पुराने विवाद की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर शनिवार सुबह ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद आरोपी ने दोनों पर गोली चला दी। पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और क्या उसने वारदात की पहले से योजना बनाई थी।

तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात
एक ही परिवार की युवती और पड़ोस में रहने वाले युवक की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस दोनों परिवारों से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी।