Oct 29, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड में फिर करवट बदलेगा मौसम! नैनीताल समेत कई जिलों में बारिश के आसार, बर्फबारी से बढ़ेगी ठिठुरन

Weather in Uttarakhand is set to take another turn! Rain is expected in several districts, including Nainital, while snowfall will lead to an intensification of the cold.

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का रुख बदलने से ठंड की दस्तक और तेज होगी। राज्य के नौ पहाड़ी जनपदों में 2 नवंबर तक हल्की बारिश और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पर्वतीय इलाकों में होने वाले इस मौसमी बदलाव से पहाड़ से लेकर मैदान तक पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत, पौड़ी और नैनीताल जनपदों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ेगा। इससे अब सुबह और शाम के साथ-साथ दिन के समय भी लोगों को हल्की ठंड और ठिठुरन का अहसास होगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि पर्वतीय जिलों को छोड़कर राज्य के शेष मैदानी जनपदों में मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ बना रहेगा। मौसम विभाग ने स्थिति को सामान्य बताते हुए किसी प्रकार का कोई अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। इससे पहले मंगलवार को पूरे प्रदेश में चटख धूप खिली रही, जिससे दिन का तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया था, लेकिन अब पर्वतीय जिलों में छाने वाले बादलों से पारे में गिरावट तय मानी जा रही है।