Oct 29, 2026 Login
Awaaz24x7-government

अंकिता भंडारी हत्याकांडः फिर हरिद्वार पहुंची सीबीआई टीम! रानीपुर कोतवाली में खंगाले उर्मिला सनावर से जुड़े दस्तावेज, जल्द हो सकती है पूछताछ

Ankita Bhandari murder case: CBI team arrives in Haridwar again; examines documents related to Urmila Sanawar at Ranipur police station—questioning likely soon.

हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की जांच के बीच सीबीआई की टीम बुधवार को हरिद्वार पहुंची। टीम ने रानीपुर कोतवाली पहुंचकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हाल ही में दर्ज प्राथमिकी से संबंधित दस्तावेज का अवलोकन किया और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। करीब एक घंटे तक कोतवाली में गहन पड़ताल करने और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से आवश्यक इनपुट जुटाने के बाद जांच टीम वापस दिल्ली रवाना हो गई। गौरतलब है कि बीते साल दिसंबर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर कई सनसनीखेज ऑडियो और वीडियो जारी किए थे। इन पोस्ट्स में हत्याकांड से जुड़े एक कथित वीआईपी को लेकर बड़े दावे किए गए थे, जिसके बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया था। उस दौरान मामले से जुड़े विवादों के चलते उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ बहादराबाद, झबरेड़ा और देहरादून में अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए थे। इस पूरे प्रकरण में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लंबा खिंचता चला गया। वर्ष 2024 में पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने उर्मिला सनावर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद बीते वर्ष मार्च में पूर्व विधायक की बेटी ने भी उर्मिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कराया था। उर्मिला के वीडियो और बयानों के बाद पूरे प्रदेश में कथित वीआईपी की पहचान उजागर करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र धरने-प्रदर्शन हुए थे। मामले की गंभीरता और जनभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रकरण की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी, जिसके बाद से केंद्रीय एजेंसी इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है। मामले में नया मोड़ तब आया जब बीते शनिवार रात रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और नई प्राथमिकी दर्ज हुई। इसके तुरंत बाद रविवार को स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उर्मिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल भेजे जाने की सूचना के बाद सीबीआई की टीम ने हरिद्वार पहुंचकर रानीपुर कोतवाली से ताजा एफआईआर की प्रति, दर्ज बयानों और साक्ष्यों का पूरा ब्योरा तलब किया। सीबीआई द्वारा दस्तावेजों को अपने संज्ञान में लिए जाने के बाद यह तय माना जा रहा है कि एजेंसी जल्द ही जेल में बंद उर्मिला सनावर से भी पूछताछ कर सकती है।