मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिएः नैनीताल में शराब की दुकान के विरोध में सड़कों पर उतरी महिलाएं! नारों से गूंजा घटगड़, उग्र आंदोलन की चेतावनी
नैनीताल। नैनीताल के घटगड़ क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर महिलाओं का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर सामने आ गया है। बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र होकर पोस्टर-बैनर के साथ धरने पर बैठ गईं और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले मंगोली क्षेत्र में भी इसी मुद्दे को लेकर महिलाओं ने विरोध दर्ज कराया था, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। धरने पर बैठी महिलाओं ने मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए और शराब नहीं रोजगार चाहिए जैसे नारों के साथ अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ेगा और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं का आरोप है कि प्रशासन घटगड़ क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने की तैयारी कर रहा है, जबकि स्थानीय लोग इसके सख्त खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि बिना जनभावनाओं को समझे इस तरह का फैसला लेना उचित नहीं है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र में शराब की दुकान खोली गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी। उनका कहना है कि वे किसी भी कीमत पर अपने क्षेत्र का माहौल खराब नहीं होने देंगी। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित शराब की दुकान का निर्णय तुरंत वापस लिया जाए और क्षेत्र की जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।