UttarakhanD BreakinG: ऋषिकेश में बड़ा कैसीनो गिरोह बेनकाब! होटल में चल रही थी हाई-प्रोफाइल जुआ पार्टी, 40 गिरफ्तार! पूरी पुलिस चौकी सस्पेंड

Uttarkhand Breaking News: Major casino gang exposed in Rishikesh! High-profile gambling party underway in hotel, 40 arrested! Entire police station suspended.

देहरादून। ऋषिकेश से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़े कैसीनो गिरोह का पर्दाफाश किया है। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने हाई-प्रोफाइल जुआ पार्टी का भंडाफोड़ किया और मौके से 40 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक यह छापेमारी गोपनीय सूचना के आधार पर की गई थी। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से होटल में दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान होटल में जुआ खेला जा रहा था, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ दिल्ली, नोएडा, मेरठ और हरियाणा जैसे राज्यों से आए लोग भी शामिल थे। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में जुआ सामग्री बरामद की है। आरोपियों के पास से 3356 कैसीनो क्वाइन, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद और 9 शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। इससे साफ होता है कि यह जुआ पार्टी बड़े स्तर पर और संगठित तरीके से संचालित की जा रही थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में उनके खिलाफ जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

साथ ही सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इनके तार किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। इस पूरे मामले में होटल की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। जिस होटल में यह अवैध गतिविधि चल रही थी, उसकी पहचान होटल नवरंग के रूप में हुई है। पुलिस ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है, जबकि होटल मालिक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी को सस्पेंड कर दिया है। कुल 12 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसएसपी का कहना है कि अगर स्थानीय स्तर पर नियमित चेकिंग और निगरानी होती, तो इस तरह की अवैध गतिविधि को पहले ही रोका जा सकता था। दून पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।