उत्तराखण्डः पत्नी ने बेटी के साथ मिलकर की पति की हत्या! आत्महत्या दिखाने की रची खौफनाक साजिश, जानें कैसे खुला राज?
हरिद्वार। उत्तराखण्ड के हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां पिछले दिनों हुए एक कथित आत्महत्या मामले ने अब एक खौफनाक हत्याकांड का रूप ले लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बबलू नामक व्यक्ति ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी हत्या उसकी ही पत्नी और नाबालिग बेटी ने मिलकर की थी। पूरे मामले का खुलासा शनिवार को एसपी सिटी अभय सिंह ने मायापुर कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की सच्चाई मृतक के नाबालिग बेटे के बयान के बाद सामने आई। दरअसल 2 अप्रैल को श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर निवासी पूजा नाम की महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हालांकि पुलिस को शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लगा। इसी बीच मृतक के भाई राजू ने भी पुलिस को तहरीर देकर बबलू की पत्नी और उसकी बेटी पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और परिवार के बच्चों से भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मृतक के नाबालिग बेटे ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने जब आरोपी पत्नी और बेटी से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पत्नी ने बताया कि उसके अवैध संबंधों की जानकारी बबलू को हो गई थी, जिसके बाद वह अक्सर शराब पीकर झगड़ा और मारपीट करता था। इसी कारण उसने अपनी बेटी के साथ मिलकर बबलू को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत घटना वाले दिन बबलू को पहले शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं। जब वह गहरी नींद में चला गया, तो उसके हाथ-पैर दुपट्टे से बांध दिए गए और तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपी मां-बेटी ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उन्होंने शव को दूसरे कमरे में ले जाकर मुंह में जहरीले पदार्थ का घोल डाला और कमरे को बंद कर दिया। अगली सुबह पत्नी ने कहानी बनाई कि पति रात में झगड़कर गया था और वापस आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सबूत बरामद किए हैं, जिनमें मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का टेट्रा पैक, स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों के पीछे छिपे खतरनाक सच को उजागर कर दिया है।