उत्तराखण्डः बारिश के बाद खुला मौसम, शीशे की तरह चमका हिमालय! कौसानी, बैजनाथ और ग्वालदम से दिखा मनमोहक नजारा

Uttarakhand: Weather clears up after rain; the Himalayas gleam like glass! Breathtaking views from Kausani, Baijnath, and Gwaldam.

बागेश्वर। करीब एक महीने तक लगातार बारिश के बाद बुधवार को मौसम खुलते ही बागेश्वर जिले की पहाड़ियां और हिमालयी चोटियां निखर उठीं। बारिश के बाद वातावरण में छाई धुंध और बादलों के हटते ही दूर तक फैली हिमालय की बर्फीली चोटियां साफ नजर आने लगीं। धूप की किरणें जब बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ीं तो पूरा हिमालय ऐसा चमकता दिखाई दिया, मानो शीशे का पटल सामने बिछा हो। बारिश ने जिले के पर्वतीय इलाकों को हरियाली की चादर से ढक दिया है। पहाड़ों की ढलानों पर उगी हरी घास, जंगलों की घनी हरियाली और दूर चमकती बर्फीली चोटियों का संगम लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है। मौसम साफ होते ही स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी इन खूबसूरत नजारों को देखने के लिए सुबह और शाम के समय विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। कई लोग मोबाइल और कैमरों में हिमालय की तस्वीरें कैद करते नजर आए। हिमालयी दृश्यों के लिए प्रसिद्ध कौसानी में मौसम खुलने के बाद नजारा और भी खूबसूरत हो गया। यहां से बर्फ से ढकी पर्वत चोटियों की लंबी श्रृंखला साफ दिखाई दे रही है। बारिश के बाद धुला हुआ वातावरण और तेज धूप ने हिमालय की चोटियों को और अधिक स्पष्ट बना दिया है। बैजनाथ और ग्वालदम क्षेत्र से भी हिमालय की चोटियों का विहंगम दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है। एक ओर पहाड़ों पर बर्फ की चमक और दूसरी ओर नीचे तक फैली हरी-भरी घाटियां प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। स्थानीय होटल व्यवसायी थ्रीश कपूर ने बताया कि बारिश के बाद मौसम साफ होने पर हिमालय का दृश्य बेहद शानदार नजर आ रहा है। ऐसे मौसम में पर्यटकों को पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता का अलग अनुभव मिलता है। लगातार बारिश के बाद मौसम खुलने से स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी राहत की उम्मीद है। होटल और पर्यटन से जुड़े लोगों का मानना है कि साफ मौसम और हिमालय के मनमोहक दृश्य आने वाले दिनों में अधिक पर्यटकों को बागेश्वर, कौसानी और आसपास के क्षेत्रों की ओर आकर्षित कर सकते हैं। बारिश के बाद बदला यह प्राकृतिक नजारा फिलहाल जिले के लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।