अपराधः बॉस ने जलील किया तो दिल में पाल ली नफरत! 8 महीने तक मौके का इंतजार और फिर कर दिया काम तमाम, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Crime: Humiliated by the boss, he harbored deep hatred; after waiting eight months for the right moment, he finished him off—leaving three children fatherless.

गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र की एक रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री में 42 वर्षीय सुपरवाइजर अनवेश कुमार सक्सेना की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी सर्वेश दर्जी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री में काम करने वाली एक युवती को लेकर आरोपी और मृतक के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद और कथित खुन्नस के चलते आरोपी ने करीब आठ महीने तक हत्या की योजना मन में दबाए रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कैंची भी बरामद कर ली है। ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सर्वेश मूल रूप से एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के बरौली गांव का रहने वाला है और वर्तमान में ट्रॉनिका सिटी की पूजा कॉलोनी में रह रहा था। वह पिछले करीब चार वर्षों से ट्रॉनिका सिटी स्थित कुनाल इंटरप्राइजेज की रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री में सिलाई कारीगर के रूप में काम कर रहा था। वहीं, अनवेश कुमार सक्सेना लंबे समय से इसी फैक्ट्री में सुपरवाइजर थे और कर्मचारियों को काम आवंटित करने की जिम्मेदारी संभालते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिसंबर 2025 में फैक्ट्री में एक युवती सफाई के काम के लिए आई थी। आरोपी उसके साथ दोस्ती करना चाहता था। उसके अनुसार, जब भी वह युवती के पास खड़ा होता था, अनवेश उसे वहां से हटा देते थे। आरोपी का दावा है कि कई बार अनवेश ने उसे युवती के सामने कथित तौर पर अपमानित किया। इसी बात को लेकर उसके मन में अनवेश के प्रति नाराजगी और नफरत बढ़ती गई। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वह अनवेश को फैक्ट्री मालिक का करीबी मानता था। उसका आरोप था कि जब कर्मचारी अनवेश की शिकायत मालिक से करते थे तो उल्टा कर्मचारियों को ही डांट या धमकी मिलती थी। हालांकि, पुलिस मामले में आरोपी के बयानों की भी जांच कर रही है और हत्या के पीछे बताए गए सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

मौका देखकर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे सर्वेश फैक्ट्री के कटिंग सेक्शन में पहुंचा था। वहां उसने अनवेश को देखा, लेकिन बाहर उसके भाई को खड़ा देखकर वह वापस चला गया। करीब डेढ़ घंटे बाद वह दोबारा प्रथम तल स्थित कटिंग सेक्शन में पहुंचा। इस दौरान अनवेश वहां अकेले लेटे हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी दौरान कपड़ा काटने के लिए रखी कैंची उठाई और अनवेश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद अनवेश की मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपी की अपनी उंगली भी कट गई थी। हत्या के बाद आरोपी कैंची अपने साथ लेकर फैक्ट्री से बाहर निकल गया। पुलिस के मुताबिक, उसने भगत सिंह चौक से गेट नंबर-दो की ओर जाने वाले रास्ते में झाड़ियों के बीच कैंची छिपा दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। मैनुअल इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सर्वेश को ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में हनुमान चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल कैंची भी बरामद कर ली गई।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के भाई की तहरीर पर 10 अगस्त को ही थाना ट्रॉनिका सिटी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। एसीपी लोनी राम किशन राना के अनुसार, पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए वारदात का कम समय में खुलासा किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अनवेश कुमार सक्सेना की हत्या के बाद उनके परिवार में मातम पसरा है। मूल रूप से संभल के रहने वाले अनवेश लोनी के बेहटा हाजीपुर क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। वह शादीशुदा थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार के अनुसार, अनवेश ही घर की आजीविका का मुख्य सहारा थे। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बच्चों के भविष्य के लिए प्रशासन से मदद की मांग की है।